शहर · हल्द्वानीरुद्रपुर सिटी रिपोर्ट
हल्द्वानी-रुद्रपुर के टांडा रोड पर 21 किमी में आठ अंधे मोड़, एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं: न नेटवर्क, न एसओएस बॉक्स; ब्रिडकुल और लोनिवि दोनों ने जिम्मेदारी से किया इनकार

हल्द्वानी से रुद्रपुर की ओर जाने वाले टांडा रोड पर रामपुर रोड के वन चेक पोस्ट से पंतनगर बाईपास तक करीब 21 किमी के स्टेट हाईवे पर आठ अंधे मोड़ हैं और एक भी स्ट्रीट लाइट नहीं है। अमर उजाला की टीम ने मंगलवार को इस रास्ते की पड़ताल की। उसके मुताबिक कई जगह रेडियम लाइट पोल टूटे हैं या झाड़ियों में दबे हैं और झुकी शाखों से मोड़ पर सामने का वाहन देर से दिखता है। करीब 25 किमी का हिस्सा नो नेटवर्क जोन बताया गया है, जहां न आपातकालीन लैंडलाइन है, न एसओएस बॉक्स; पड़ताल में डायल 112 पर कॉल चौथी बार में लगी। पैचवर्क के बाद बजरी सड़क पर फैली मिली। पूरे रास्ते में एक जगह परिवहन विभाग का इंटरसेप्टर दिखा, पुलिस नहीं। ब्रिडकुल के प्रोजेक्ट प्रबंधक ने कहा कि सड़क लोनिवि को सौंपी जा चुकी है; लोनिवि के अधिशासी अभियंता ने कहा कि सड़क अभी हैंडओवर नहीं हुई। कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत ने कहा कि यह काम अभी ब्रिडकुल के पास है, जल्द सुरक्षा इंतजाम पुख्ता कराए जाएंगे और एक-दो पुलिस चौकी शुरू करने का प्रस्ताव रखा जाएगा।