रुद्रपुर सिटी रिपोर्टपंतनगरअपराध
पंतनगर में मानव तस्करी पर राज्य स्तरीय सम्मेलन: छह राज्यों की पुलिस और एजेंसियों के 134 प्रतिनिधियों ने साझा रणनीति पर किया मंथन
State-level conference on human trafficking in Pantnagar: 134 delegates from police and agencies of six states discuss a joint strategy

पंतनगर के गांधी हॉल ऑडिटोरियम में हुए राज्य स्तरीय मानव तस्करी सम्मेलन में बच्चों के अपहरण से लेकर मानव तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क पर अंकुश के लिए साझा रणनीति पर चर्चा हुई। गृह मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत हुए सम्मेलन में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा के पुलिस अधिकारियों के साथ केंद्रीय एजेंसियों, सशस्त्र बलों, अभियोजन अधिकारियों, बाल कल्याण समितियों और गैर-सरकारी संगठनों के कुल 134 प्रतिनिधि शामिल हुए। अपर पुलिस महानिदेशक वी. मुरुगेशन ने कहा कि ऐसे संगठित अपराध पर अंकुश के लिए एजेंसियों में मजबूत तालमेल, सीमावर्ती इलाकों में सतर्कता, सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान और पीड़ितों के पुनर्वास पर ध्यान जरूरी है। हरिद्वार पुलिस ने बिहार से अपहृत 13 वर्षीय बालिका को खोजकर पांच आरोपियों की गिरफ्तारी और चार माह के अपहृत शिशु की सकुशल बरामदगी के मामलों की केस स्टडी रखी। उत्कृष्ट काम करने वाले 11 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए। (स्रोत: अमर उजाला)
यह रिपोर्ट रुद्रपुर सिटी ने जांच के बाद प्रकाशित की है।